जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव बृहस्पतिवार को होगा। कलेक्ट्रेट में होने
वाले चुनाव के लिए पुलिस और प्रशासन ने अपने स्तर से सभी तैयारियां पूरी
कर ली हैं। मतदान सुबह 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक होगा और फिर इसके बाद
मतगणना कराई जाएगी। शाम तक परिणाम की भी घोषणा कर दी जाएगी।
जिला पंचायत
अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए पिछले काफी समय से प्रक्रिया चल रही थी। इसी
प्रक्रिया के तहत अब बृहस्पतिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव कराया
जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से घोषित कार्यक्रम के मुताबिक मतदान
सुबह 11 बजे से शुरू होगा और अपराह्न तीन बजे तक मतदान किया जा सकता है।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए रामपुर में समाजवादी पार्टी ने जिला पंचायत
सदस्य लाखन सिंह को जबकि मौजूदा जिला पंचायत अध्यक्ष हाफिज अब्दुल सलाम ने
अपने करीबी सदस्य लाल सिंह को मैदान में उतारा है। 35 सदस्यों वाली जिला
पंचायत में अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर लेने की बात
कही गई है।
चुनाव कलेक्ट्रेट सभागार में होगा। यहीं पर मतगणना भी होगी।
चुनाव से लेकर परिणाम घोषित करने तक जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार
सिंह खुद यहां मौजूद रहेंगे। चुनाव के लिए बुधवार को दिन भर तैयारियां चलती
रहीं। इसका जायजा जिलाधिकारी के साथ ही अपर जिलाधिकारी एमपी सिंह ने भी
लिया।
मतों की गणना अपराह्न तीन बजे से शुरू होगी। इसके बाद परिणाम घोषित
किए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सभी तैयारियां मुकम्मल कर ली गई हैं। चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से हो इसके लिए सभी व्यवस्थाएं की गई हैं।