रामपुर। बरात में खाने को लेकर बरातियों ओर घरातियों में जमकर मारपीट हुई। मामला बिगड़ा तो शादी के मंडप से दूल्हा बरातियों को लेकर भाग गया। बरात में मारपीट की सूचना पर पुलिस भी गांव पहुंच गई। समझौते के बाद रात को शादी की रस्में पूरी कर ली गई।
अजीमनगर थाना क्षेत्र के धूलियागंज गांव में मिलक मुफ्ती से महिपाल की बरात आई थी। बरात जब खाने के लिए बैठी तो खाना देख भड़क गई। एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए बरातियों ने खाना नहीं खाया। मामले ने तूल पकड़ा तो मारपीट शुरू हो गई। करीब दस मिनट तक बरातियों और ससुराल वालों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट के दौरान दूल्हा मौके से फरार हो गया। बरात भागने की सूचना पुलिस को मिली तो हड़कंप मच गया। आननफानन में थाना पुलिस गांव पहुंच गई और दूल्हे की तलाश शुरू कर दी। दोनों पक्षों की ओर से सम्मानित लोग थाने पहुंच गए और पंचायत शुरू हो गई। समझौते के बाद देर रात को दोनों के फेरे करा दिए गए। थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया खाने को लेकर हुआ विवाद समझौते के बाद सुलझ गया है।