रामपुर। नीट पेपर लीक मामले की आंच अब स्वार तक पहुंच गई है। पेपर लीक मामले से जुड़ा मुरादाबाद का एक संदिग्ध जब लखनऊ पुलिस के हाथ नहीं लगा तो टीम ने उसके साले की तलाश में शनिवार देर रात बिजारखाता गांव में दबिश दी थी। इसके बाद से क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गरम है। दबिश की जानकारी स्थानीय पुलिस को भी नहीं लग सकी।
नीट पेपर लीक का मामला इस समय पूरे देश में गूंज रहा है। मामले में अब तक बहुत से संदिग्ध गिरफ्तार भी हो चुके हैं। ऐसे ही एक संदिग्ध की गिरफ्तारी के लिए लखनऊ पुलिस ने मुरादाबाद में दबिश दी थी, लेकिन वह नहीं मिल सका। इसके बाद पुलिस ने उसके साले की तलाश में शनिवार रात लगभग ढाई बजे स्वार कोतवाली क्षेत्र के बिजारखाता गांव में दबिश दी। यहां पर मुरादाबाद के संदिग्ध के साले की ससुराल है।
हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह भाग निकला। टीम ने घर में महिलाओं से जानकारी ली तो पता चला कि वह 10 मिनट पहले ही निकल चुका है। इस दबिश के बारे में स्थानीय पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी गई। सीओ स्वार अतुल कुमार पांडेय ने बताया कि बिजारखाता में बाहर की पुलिस द्वारा दी गई दबिश की सूचना नहीं मिली थी। हालांकि, इस दबिश को लेकर क्षेत्र में काफी चर्चा है।