रामपुर। परिवहन निगम की बसों में सफर के दौरान खुले रुपये की परेशानी है। तो चिंता मत करिए, अब रोडवेज बसों में डिजीटल पेमेंट की सुविधा शुरू कर दी गई है। रामपुर डिपो की बसों में सफर करने के दौरान यात्री अब क्यू-आर कोड स्कैन करके किराये का भुगतान यूपीआई नंबर से झटपट कर सकेंगे। डिपो की सभी बसों में यह सुविधा शुरू कर दी गई है।
रामपुर डिपो से प्रतिदिन बरेली, मुुरादाबाद, हल्द्वानी, रुद्रपुर, दिल्ली आदि स्थानों सहित लोकल रूट पर 71 बसों का संचालन किया जाता है। पिछले दिनों परिचालक द्वारा काटे जाने वाले टिकट मशीन की जगह डिपो को 71 नई इलेक्ट्रॉनिक्स टिकट मशीन(ईटीएम) प्राप्त हुई थीं। जो अब सभी परिचालकों को बांट दी गई हैं। इन मशीनों के माध्यम से यात्री अब आसानी से गूगल पे, फोन पे और पेटीएम आदि से भुगतान कर सकेंगे। एआरएम मोहम्मद अजीम ने बताया कि रोडवेज के सभी परिचालकों को इलेक्ट्रॉनिक टिकट मशीन दे दी गई है। यात्री अब ऑनलाइन पेमेंट कर रहे हैं। इससे निगम की आय बढ़ेगी और यात्रियों को खुले पैसे की समस्या से निजात मिलेगी।