रामपुर। दिसंबर माह में मौसम में आई तब्दीली से ठिठुरन का अहसास होने लगा है। दिन और रात पड़ रही ठंड से हर कोई हलकान है। ऐसे में शनिवार रात को रोडवेज और रेलवे स्टेशन के बाहर खड़े मुसाफिर प्रशासन और नगर पालिका के द्वारा दी जाने वाली राहत को तलाशते रहे। दूर-दूर तक न अलाव और न ही सिर छिपाने के लिए रैन बसेरे का इंतजाम नजर आया। रैन बसेरों के बाहर मुसाफिर रात भर चक्कर काटते रहे, लेकिन यहां ताला पड़ा होने की वजह से रात भर चाय के ठेलों और फुटपाथ का सहारा लेते हुए सुबह का इंतजार करते दिखाई दिए।