फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur By-Election: भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री ने कार्यकर्ताओं को दिए रामपुर किला फतह करने के मंत्र

Tue, 15 Nov 2022 09:29 PM IST
विजय पुंडीर अमर उजाला नेटवर्क, रामपुर

सार

धर्मपाल सिंह ने मंगलवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में कहा कि प्रदेश में सरकार ने अल्पसंख्यकों के लिए जो योजनाएं लागू की उनका पूरा लाभ अल्पसंख्यकों को भी मिला है। इससे उनका पार्टी के प्रति विश्वास बढ़ा है। इस बात की पूरी आशा है कि विधानसभा उपचुनाव में भाजपा भारी मतों से विजय प्राप्त करेगी।
विज्ञापन
धर्मपाल सिंह। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को रामपुर का किला फतह करने के मंत्र देते हुए कहा कि भाजपा के पास एक मजबूत संगठन है। इसके बल पर पार्टी किसी भी चुनाव में जीत हासिल कर सकती है।

विज्ञापन


धर्मपाल सिंह ने मंगलवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में कहा कि प्रदेश में सरकार ने अल्पसंख्यकों के लिए जो योजनाएं लागू की उनका पूरा लाभ अल्पसंख्यकों को भी मिला है। इससे उनका पार्टी के प्रति विश्वास बढ़ा है। इस बात की पूरी आशा है कि विधानसभा उपचुनाव में भाजपा भारी मतों से विजय प्राप्त करेगी। आकाश सक्सेना को पार्टी ने प्रत्याशी घोषित कर दिया है। उनको जीत दिलाने के लिए सभी कार्यकर्ता जुट जाएं। उन्होंने नगर विधानसभा के मंडल अध्यक्षों एवं संयोजक ओं के साथ अलग से भी बैठक कर चुनाव जीतने की टिप्स दिए।
  
बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष  मोहित बेनीवाल ने कहा कि रामपुर में आजम खां जनता के बीच बेनकाब हो चुके हैं। जनता उनकी कारगुजारियां समझ गई है। जनता का उनसे मोहभंग हो गया है। उपचुनाव में सपा को भारी अंतर से हार का सामना करना पड़ेगा। बैठक का संचालन महामंत्री हरीश गंगवार ने किया। भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री हरीश ठाकुर, जिला प्रभारी राजीव सिसोदिया, पैक्सफेड के चेयरमैन सूर्यप्रकाश पाल, जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता, उपचुनाव में भाजपा के प्रत्याशी आकाश सक्सेना, जिला पंचायत अध्यक्ष  ख्यालीराम लोधी आदि भी उपस्थित थे।

विज्ञापन

उपचुनाव और निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेसियों ने किया मंथन
रामपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव और निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेसियों ने मंगलवार को मंथन किया। नूरमहल में आयोजित बैठक में कांग्रेसियों ने कहा कि रामपुर के कार्यकर्ताओं की इच्छा तो यही है कि रामपुर का चुनाव लड़ा जाए। कार्यकर्ताओं की राय से पार्टी हाईकमान को अवगत करा दिया गया है। पार्टी हाईकमान की ओर से इस मुद्दे पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। पूर्व सांसद बेगम नूरबानो ने कहा कि चुनाव को लेकर अपनी तैयारी पूरी रखें। उपचुनाव को लेकर हाईकमान का जो भी निर्देश होगा उस पर अमल किया जाएगा। निकाय चुनाव कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। इसके लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मिलकर रणनीति तैयार की जा रही है। पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ नगर निकाय चुनाव लड़ेगी रामपुर मे कांग्रेस का पुराना दौर फिर से लाना है, ताकि रामपुर का विकास हो सके। रामपुर मे कांग्रेस पार्टी एकजुट है। आने वाले नगर पालिका के चुनाव मे कांग्रेस अच्छा प्रदर्शन करने जा रही है। बैठक में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष धमेंद्र देव गुप्ता, पूर्व विधायक अफरोज अली खां, शहर अध्यक्ष नोमान खां, काशिफ खां, मास्टर फिरोज खां, दिव्यांश सिंघल, गुलजार खां, अकरम सुल्तान और महबूब खां सहित कांग्रेस के अन्य कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस ने गठित की प्रत्याशियों के चयन के लिए समिति
कांग्रेस ने निकाय चुनाव को लेकर अपनी तैयारी शुरू कर दी है। इसको लेकर प्रत्याशियों के चयन के लिए एक समिति का गठित किया गया है। समिति में पूर्व सांसद बेगम नूरबानो ,पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां, पूर्व विधायक संजय कपूर, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष मुतीउर्रहमान खां  बब्लू, पूर्व प्रदेश सचिव महफूजउर्रहमान खां, महेंद्र यदुवंशी, अब्दुल सबूर खां, सईदउज जफर खां, इरशाद अंसारी, ताहिर हसन खां ,दामोदर सिंह गंगवार और बाबू खां फौजी को शामिल किया गया है। जिलाध्यक्ष धमेंद्र देव गुप्ता ने कहा कि प्रांतीय अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी के निर्देशानुसार टिकट के दावेदारों का पैनल तैयार कर प्रदेश कार्यालय को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को जिले के 11 निकायों में से एक-एक की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के वो कार्यकर्ता जो निकाय चुनाव लड़ना चाहते हैं वो अपना आवेदन जिला कार्यालय पर जमा करा दें, ताकि जिला स्तरीय समिति उनके नाम पर विचार कर यहां के टिकट के दावेदारों का पैनल प्रदेश कार्यालय को भेज सके।
विज्ञापन

मतदान केंद्रों पर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश
रामपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए पांच दिसंबर को मतदान होगा। मतदान केंद्रों पर वोटरों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) हेम सिंह ने कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक करके मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के दृष्टिगत जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोग से जो भी पैरामीटर निर्धारित किए गए हैं, उनका मतदान केंद्रों पर शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित होना चाहिए। इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की होगी। मतदान के लिए मतदाताओं की पर्चियों का बीएलओ के माध्यम से वितरण होना चाहिए। इसमें भी बीएलओ स्तर से कोई लापरवाही न रहे। उन्होंने कहा कि अधिकारी मतदान केंद्रों पर भ्रमण करके खुद सत्यापित करें कि वहां सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं और यदि कहीं कोई कमी है तो तत्काल दुरुस्त करा लें। बैठक के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसपी सिंह, एसडीएम सदर निरंकार सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी दुर्गा प्रसाद तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप द्विवेदी, जिला प्रोबेशन अधिकारी लवकुश भार्गव और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कल्पना सिंह मौजूद रहीं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें