रामपुर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने कलक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन की कॉपी सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपी।
रामपुर बार एसोसिएशन के आह्वान में शनिवार को अधिवक्ता बार एसोसिएशन कार्यालय के सामने एकत्र हुए। इसके बाद वहां से जुलूस की शक्ल में कलक्ट्रेट पहुंचे। उनके हाथों में मांग की तख्तियां भी थीं। उन्होंने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन की कॉपी सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपते हुए कहा कि अधिवक्ता लंबे समय से हाईकोर्ट बेंच की मांग कर रहे हैं लेकिन अब तक उनकी मांग पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
अगर हाईकोर्ट बेंच स्थापित होती है तो इससे वादकारियों को ही फायदा होगा। उनका पैसा और समय दोनों ही बच जाएंगे लेकिन जनहित की मांग को भी नहीं सुना जा रहा।
इसके अलावा अधिवक्ताओं ने एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने, अधिवक्ताओं को शस्त्र लाइसेंस देने की भी मांग की। इस दौरान अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद लोधी, महासचिव मो. उस्मान खां, मो. जमीर रिजवी सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।