रामपुर। जिले में कोरोना संक्रमण की चपेट में आकर शनिवार को एक चिकित्सक की पत्नी समेत दो की मौत हो गई है। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट में 143 नए संक्रमितों की पुष्टि की गई है। जिले में शनिवार को सक्रिय मामलों की संख्या 1695 हो गई है।
कोरोना संक्रमण से मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है। एक सरकारी चिकित्सक की पत्नी को कोरोना संक्रमण की चपेट में आने पर जिला अस्पताल में भर्ती किया गया था। जहां पर शुक्रवार शाम उनका निधन हो गया। वहीं सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एक मैकेनिकल इंजीनियर की भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आकर उपचार के दौरान मौत हो गई है। संक्रमित इंजीनियर का उपचार हल्द्वानी के एक अस्पताल में चल रहा था।
शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी की गई रिपोर्ट में निजी चिकित्सक, पुलिस कर्मी समेत कुल 143 नए संक्रमितों की पुष्टि की गई है। जिनमें आरटी-पीसीआर जांच में 111 संक्रमित, एंटीजन जांच में 22 संक्रमित और निजी लैब की जांच में 10 संक्रमितों की पुष्टि की गई है। इसके साथ ही शनिवार को 193 लोगों ने आइसोलेशन भी पूरा किया है। जिले में अब सक्रिय मामलों की संख्या 1695 हो गई है। वहीं जिले में अब तक कुल 10364 संक्रमितों की पुष्टि की जा चुकी है।