रामपुर की बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र में नदी पार करके अपने खेत पर जा रहा एक किसान पानी में बह गया। दो दिन बाद उनका शव नदी में करीब 60 मीटर दूर गहरे पानी में मिला है। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम के ही मृतक किसान का अंतिम संस्कार कर दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिरसखेड़ा निवासी गुरचरण सिंह 55 पुत्र अवतार सिंह खेती किसानी का काम करते थे। परिजनों के अनुसार गुरचरण सिंह 15 अक्तूबर की दोपहर करीब 12:00 बजे गांव के समीप खैरा नदी पार करके अपने खेत पर काम करने जा रहे थे। इस दौरान वह पानी के तेज बहाव में डूब गए। लोगों ने उन्हें पानी में डूबता देख शोर मचा दिया, जिससे मौके पर तमाम लोग एकत्र हो गए थे। परिजनों ने रविवार की शाम उनका शव घटनास्थल से करीब 60 मीटर दूर गहरे पानी से बरामद कर लिया।
परिजन शव को अपने घर ले गए और उनका अंतिम संस्कार कर दिया। बताते हैं कि किसान के तीन पुत्रियां हैं। उक्त संदर्भ में उपजिलाधिकारी मयंक गोस्वामी ने बताया कि घटना उनके संज्ञान में नहीं है। अगर कोई प्रार्थना पत्र आता है, तब वह मामले की जांच कराकर आगामी कार्यवाही करेंगे।