रामपुर। बीजी सीरीज नंबरों के मामले में एआरटीओ, डीबीए सहित तीन लोगों पर दर्ज मुकदमे के बाद एआरटीओ कार्यालय में काम ठप पड़ा है। तीन दिन पहले आरआई को एआरटीओ और मुरादाबाद के डीबीए को रामपुर के डीबीए का चार्ज दिया गया, लेकिन मुख्यालय से लॉगिन आईडी नहीं बन पाने के कारण सोमवार को भी एआरटीओ कार्यालय में काम नहीं हुआ। नवरात्र शुरू होते ही वाहनों की बिक्री बढ़ गई है। डाटा एंट्री का काम शुरू नहीं होने के कारण लोगों के साथ वाहन एजेंसी संचालकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार को कई वाहन स्वामी बीजी नंबर सीरीज को बदलवाने के लिए एआरटीओ कार्यालय पहुंचे। कार्यालय पहुंचकर उन्हें निराशा हाथ लगी। आरआई अवनेश कुमार ने बताया कि शासन से अभी नई सीरीज नहीं खोली गई है। नई सीरीज आने के बाद काउंटर खोले जाएंगे।
उधर एजेंसी संचालक नए वाहनों के रजिस्ट्रेशन के लिए पहुंचे लेकिन डीबीए नहीं होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। डीबीए के न पहुंचने से ऑनलाइन डाटा फीडिंग सहित कई जरूरी कार्य अटके हुए हैं। प्रभारी एआरटीओ अवनेश कुमार ने बताया कि डीबीए के आने का इंतजार है, जिसके बाद ही कार्यालय का पूरा कामकाज सामान्य हो सकेगा।
उधर आरटीओ मुरादाबाद राजेश सिंह ने बताया कि डीबीए की लॉगिन आईडी अभी शासन से नहीं बनी है। जैसे ही लॉगिन आईडी बनेगी डीबीए काम करना शुरू कर देंगे।