रामपुर। प्रशासन ने नगर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सांसद आजम खां के पुत्र अब्दुल्ला आजम, आस्ताना आलिया जमालिया के सज्जादानशीन फरहत जमाली और कांग्रेस शहर अध्यक्ष मामून शाह समेत 22 लोगों को शांति भंग आशंका के तहत नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही अजीमनगर में 25 और शाहबाद में 9 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
सीएए-एनआरसी को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शन को लेकर पुलिस-प्रशासन सक्रिय है। शनिवार को रामपुर में भी बंद का एलान किया गया है। इससे पहले नगर मजिस्ट्रेट सर्वेश बहादुर गुप्ता ने शांति भंग की आशंका में 22 लोगों को नोटिस जारी किया है। नोटिस में लोकसभा सांसद आजम खां के पुत्र अब्दुल्ला आजम, कांग्रेस के शहर अध्यक्ष मामून शाह, आस्ताना आलिया जमालिया के सज्जादानानशीन फरहत जमाली, बालम, एजाज अहमद, फहीम अहमद, मुतीउररहमान, फैसल लाला, मोहम्मद खां उर्फ नन्हू, महाराज अहमद, फिरोज खान, नावेद अली, मोहम्मद रियाज शामिल हैं। इन सभी को नगर मजिस्ट्रेट न्यायालय में उपस्थित होकर 50 हजार के व्यक्तिगत मुचलका, बंधनामा और इसी धनराशि की दो विश्वसनीय प्रतिभूतियों को दाखिल क्यों न कराया जाए, यह पूछा गया है। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि नोटिस पुलिस की रिपोर्ट पर जारी किए गए हैं, इसके साथ ही कोतवाली पुलिस ने भी आठ लोगों को शांति भंग आशंका में नोटिस जारी किया गया है। इसके साथ ही शाहबाद में शांतिभंग की आशंका में 9 लोगों को हिरासत में लिया गया है जबकि अजीमनगर थाना क्षेत्र में 25 लोगों को हिरासत में लिया गया है।