सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में दस नकाबपोश बदमाश दो घरों को निशाना बनाकर वहां से करीब पांच लाख का माल समेट कर ले गए। एक परिवार के लोगों को कमरे में बांधकर चले गए तो दूसरे परिवार के लोगों के विरोध करने पर उनको पीटकर घायल कर दिया। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव शादी की मढै़या में रहने वाले सफदर पेशे से दूध का काम करते हैं। रोजाना की तरह वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। सोमवार को आधी रात के बाद आठ से दस नकाबपोश बदमाश किसी तरह से सफदर के घर में घुस गए। जहां सभी लोगों को तमंचे के बल पर एक कमरे में बंद कर दिया। उसके बाद बदमाश वहां से करीब तीन लाख का माल समेट कर ले गए। बदमाश जाते समय मेन गेट में ताला डालकर फरार हो गए। उसके बाद बदमाशों ने वहीं के रहने वाले सरफराज के घर को निशाना बनाया। बदमाश घर में घुसने के बाद सरफराज की पत्नी सितार बानों के कानों के कुंडल निकालने के दौरान उसकी आंख खुल गई। उसके शोर मचाने पर उसका पति व ससुर सदद्की उठ गए। जहां बदमाशों ने तीनों को तमंचों की बटों से पीटकर बुरी तरह से घायल कर दयिा।
उसके बाद बदमाश वहां से दो लाख का माल समेट कर ले गए। बदमाशों के जाने के बाद परिवार के लोगों के शोर मचाने पर आस पास के लोग मौके पर एकत्र हो गए जहां सभी लोगों को घर से बाहर निकाला जबकि सरफराज व उसकी पत्नी और ससुर को अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में दोनों की ओर से पुलिस को तहरीर दे दी है। इस आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी वाहिद खां का कहना है कि दो घरों में लूट की सूचना मिली है, तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।