रामपुर। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की ओर से आयोजित संयुक्त विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) बृहस्पतिवार को दूसरे दिन भी जारी रही। जिले के तीन विद्यालयों में परीक्षा हुई। चार पालियों में हुई परीक्षा के दूसरे दिन 1223 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 229 ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षार्थियों को सघन चेकिंग के बाद प्रवेश दिया गया। परीक्षा 18 मई तक तक प्रतिदिन चार पालियों में संपन्न होगी।
देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए सीयूईटी का आयोजन किया जाता है। इस परीक्षा में सफल हुए परीक्षार्थियों को देश की विभिन्न यूनिवर्सिटी में विभिन्न कोर्सेज में प्रवेश दिया जाता है। रामपुर में पहली बार तीन विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। बुधवार से शुरू हुई प्रवेश परीक्षा दूसरे दिन भी जारी रही।
दूसरे दिन शहर के दयावती मोदी अकादमी और व्हाइट हाल स्कूल में परीक्षा का आयोजन किया गया। चार पालियों में हुई परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों की अंग्रेजी, जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान समेत अन्य विषयों की प्रवेश परीक्षा हुई, जिसमें परीक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया। दूसरे दिन हुई परीक्षा में दयावती मोदी अकादमी में पंजीकृत 1172 परीक्षार्थियों में से 982 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। यहां पर 190 परीक्षार्थी गैर हाजिर रहे।
इसके अलावा व्हाइट हाल पब्लिक स्कूल में 280 के मुकाबले 241 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। यहां पर 39 परीक्षार्थी गैर हाजिर रहे। परीक्षा के जिला कोआर्डिनेटर एवं सेंट पॉल स्कूल के प्रधानाचार्य मनोज पाठक के अनुसार परीक्षा चारों शिफ्ट में हुई। यह परीक्षा 18 मई तक जारी रहेगी।