सीआरपीएफ में हवलदार पद के लिए रविवार को हुई लिखित परीक्षा में दो मुन्ना भाइयों को रंगे हाथ नकल करते हुए दबोच लिया गया। दोनों परीक्षार्थी मोबाइल पर आए साल्व पेपर को देखकर पेपर करने की कोशिश में लगे थे। पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार किए गए दोनों परीक्षार्थी मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा तहसील के रहने वाले हैं।
सीआरपीएफ के हवलदार पद की परीक्षा सुबह दस बजे शुरू हुई थी। इस बीच सीआरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट सुधीर कुमार ने सूचना पर शहर कोतवाली क्षेत्र के कन्या इंटर कालेज में छापा मारा। छापेमारी के दौरान सीआरपीएफ अफसरों की टीम ने परीक्षा दे रहे सुलेमान व इरफान की तलाशी ली। टीम ने उनके कब्जे से मोबाइल भी बरामद किया।
टीम ने मोबाइल चेक किया तो व्हाट्सएप पर सवालों के जवाब थे। सुुलेमान के मोबाइल पर नागपुर सीआरपीएफ में तैनात हेड कांस्टेबिल वसीम ने चार पेपर के जवाब भेजे थे। पुलिस दोनों को गिरफ्तार कर कोतवाली ले गई। हेड कांस्टेबिल वसीम सुलेमान का भाई बताया गया है। डिप्टी कमांडेंट सुधीर कुमार ने कोतवाली में तीनों के खिलाफ तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा के गांव शरीफनगर निवासी सुलेमान और इरफान के साथ ही भाई सीआरपीएफ हवलदार वसीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। शहर कोतवाल रजनीकांत कटारा के मुताबिक आरोपी तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।