रामपुर में बृहस्पतिवार को सीआरपीएफ में कांस्टेबल की भर्ती के लिए आए अभ्यर्थियों के पास मिलीं दवाएं।
- फोटो : amarujala
यूपी पुलिस में भर्ती के दौरान शक्तिवर्धक दवाओं और इंजेक्शन के इस्तेमाल की खबरें आने के बाद अब सीआरपीएफ भर्ती की वैतरणी इन्हीं के सहारे पार करने की कोशिशों का खुलासा हुआ है। रामपुर में सीआरपीएफ अधिकारियों ने कई अभ्यर्थियों के पास से शक्तिवर्धक दवाएं और इंजेक्शन पकड़े हैं। बताया गया है कि इन दवाओं में कई किस्म के स्टेराइड और दूसरी ऐसी दवाएं शामिल हैं जिनके इस्तेमाल से फौरी तौर पर शारीरिक क्षमता में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हो जाती है।
सूत्रों के अनुसार आरोपी अभ्यर्थियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है। डीआईजी चंद्रभूषण ने कहा कि चेकिंग के बाद सेंटर में प्रवेश दिया जाता है। आपत्तिजनक वस्तु को बाहर ही फेंक दिया जाता है। सीआरपीएफ में कांस्टेबल ट्रेड्समैन पद की भर्ती के लिए बृहस्पतिवार को आए एक अभ्यर्थी के पास से गाजियाबाद के जिला अस्पताल के मेडिकल आफिसर के नाम की मुहर भी मिली।
सीआरपीएफ के गेट पर चेकिंग के दौरान मोहर को कर्मचारियों ने फेंक दिया। सीआरपीएफ अधिकारियों का कहना है कि प्रमाणपत्रों को प्रमाणित करने के लिए अभ्यर्थी ने मेडिकल आफिसर के नाम की मुहर बनवा ली होगी। अभ्यर्थी को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है। सीआरपीएफ में कांस्टेबल (ट्रेड्समैन) भर्ती के लिए चल रही शारीरिक परीक्षा गुरुवार को भी जारी रही। इसमें भाग लेने के लिए दूसरे दिन 1072 अभ्यर्थी पहुंचे।
सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर के गेट पर चेकिंग के बाद अभ्यर्थियों को अंदर प्रवेश दिया गया। चेकिंग के दौरान कई अभ्यर्थियों के पास से शक्तिवर्द्धक दवाएं और मोबाइल सीम भी मिले। इसे सीआरपीएफ कर्मियों ने बाहर फेंक दिया। सीआरपीएफ में कांस्टेबल ट्रेड्समैन के पद पर भर्ती के लिए शारीरिक परीक्षा 28 अप्रैल तक जारी रहेगी। शारीरिक परीक्षा शनिवार को भी जारी रहेगी।