रामपुर। होली के त्योहार पर घर जाने वालों की भीड़ के चलते रोडवेज बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर मारामारी रही। कई बार यात्रियों के बीच धक्कामुक्की और नोकझोंक भी हुई।
रामपुर रोडवेज डिपो को इस बार होली पर 11 दिन के लिए प्रतिदिन 14 लाख रुपये राजस्व का लक्ष्य दिया गया है। इसके चलते रोडवेज की ओर से अतिरिक्त बसें चलाई जा रही हैं। अधिकांश बसें बरेली और लखनऊ रूट पर चलीं। शनिवार को रोडवेज डिपो पर काफी भीड़ रही है। जैसे ही बस आती मुसाफिरों में भगदड़ मच जाती। हर कोई जल्दी बस में सीट घेरने के लिए धक्कामुक्की करता नजर आया। रोडवेज पर लगातार दिल्ली, आगरा, बदायूं, पीलीभीत, बरेली और लखनऊ को जाने वाली बसें लगी रहीं और अपने नंबर से रोडवेज से निकलीं।
इसके अलावा ट्रेनो में रिजर्वेशन 100 के पार जा चुका है। ट्रेनों में भी काफी मारामारी रही। लोगों ने वेटिंग में टिकट लेकर सफर किया। स्टेशन पर सुबह के वक्त काफी अधिक भीड़ रही। स्टेशन पर जीआरपी मुस्तैद रही।