रामपुर। लोकसभा चुनाव में रामपुर सीट पर पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा। जिले में कुल 17,31,194 मतदाता हैं। 36379 युवा पहली बार अपने मत का प्रयोग करेंगे। वहीं जनपद में 69 मतदाता ऐसे भी हैं जिनकी उम्र 100 साल से भी ज्यादा है। सबसे ज्यादा मतदाता 30 से 39 साल की उम्र के बीच के हैं, इनकी संख्या 4,95,920 है।रामपुर लोकसभा सीट क्षेत्र में पांच विधानसभा आती हैं, जिनमें रामपुर शहर, स्वार, चमरौआ, बिलासपुर, मिलक विधानसभा शामिल हैं। पांचों विधानसभा में लोकसभा चुनाव के लिए 17,31,194 महिला व पुरुष वोटरों को मतदान करना है। इनमें युवाओं की भागीदारी भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस चुनाव में पहली बार वोट करने वाले युवाओं की संख्या 36,379 है। 20 से 29 साल तक की उम्र के 3,98,333 मतदाता हैं। 40 से 49 साल की उम्र के 2,98,569 और 50 से 59 साल की उम्र के 2,58,715 मतदाता हैं।
जिले में 60 से 69 साल की उम्र के 1,52,423, 70 से 79 साल की उम्र के 68,773, 80 से 89 साल की उम्र के 18,125 मतदाता है। 90 से 99 की उम्र के 3,888 मतदाता हैं। 100 से 109 साल की उम्र के 68 वोटर, 110 से 119 साल की उम्र का कोई मतदाता नहीं है। हालांकि, 120 साल से ज्यादा उम्र की एक महिला मतदाता हैं।
-
बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता घर से डाल सकेंगे वोट
लोकसभा चुनाव में बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता घर से ही वोट डाल सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी जोगिंदर सिंह के अनुसार दिव्यांगों और 85 साल से ऊपर की उम्र के बुजुर्ग मतदाताओं के लिए घर से ही वोट डालने की सुविधा रहेगी। इसके लिए आयोग की ओर से गाइडलाइन जारी कर दी गई है। ये सभी मतदाता मतदान से पहले बैलेट के जरिये वोटिंग करेंगे। इसके लिए निर्वाचन टीमें मतदाताओं के घर-घर जाकर मतदान कराएंगी।