शहर कोतवाली क्षेत्र में दिनदहाड़े सऊदी अरब में रहने वाले एक कारोबारी के घर में घुसकर चार महिला बदमाशों ने दो लाख रुपये का माल लूट लिया। महिला बदमाशों ने घर में घुसकर गृहस्वामिनी को नशा सुंघाकर बेहोश कर दिया और घर में रखा करीब दो लाख रुपये का सामान लूट लिया। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला बदमाशों की तलाश की,लेकिन वह जब तक वह तलाश कर पाती तब तक वह फरार हो चुकी थीं।
लूटपाट की यह वारदात शहर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला कुंडा की है। कुंडा मुहल्ला निवासी बाकर अली खां सऊदी अरब में कारोबार करते हैं। उनका परिवार इस मुहल्ले में रहता है। वह इस वक्त घर पर आए हुए थे। गुरुवार की दोपहर बाकर खां घर से बाहर गए हुए थे,जबकि उनकी बेटी स्कूल गई हुई थी। घर पर बाकर की पत्नी आयशा बी अकेले थी। दोपहर करीब तीन बजे चार बुरकानशीं महिलाएं उनके घर पहुंच गईं,जहां पर उन्होंने मकान देखने का बहाना बनाया और फिर वह मकान में घुस गईं।
घर में घुसते ही महिलाओं ने आयशा बी के मुंह में रुमाल ठूंस दिया और वह कुछ ही देर में बेहोश हो गई। इस बीच एक महिला बदमाश ने आयशा के गले में फंदा डाल दिया। इस बीच महिला बदमाशों ने घर में रखी अलामारी को खोल लिया और लूटपाट शुरू कर दी। कुछ ही मिनटों बाद महिला बदमाश यहां से आयशा को बेहोशी की हालत में छोड़ गई। घटना की जानकारी परिवार के लोगों को उस वक्त हुई जब बाकर घर वापस लौटा। अपने अपनी पत्नी आयशा को बरामदे में बेहोशी की हालत में पाया और उसके गले में दुपट्टा पड़ा हुआ था। उसने किसी तरह दुपट्टा खोला और उसे होश में लाने की कोशिश की।
बदमाशों ने पूरा घर खंगाल दिया था। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बेहोश आयशा को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। महिला लुटेरी घर में सऊदी अरब के 4500 रियाल, सोने की चेन, कान के बूंदे समेत हजारों का सामान लूट लिया। लुटेरे करीब दो लाख रुपये का सामान लूटकर फरार हो गए।