फर्जी दस्तावेजों पर बैंक से लिया ऋण
मीरापुर। कोर्ट के आदेश पर संभलहेड़ा के तीन लोगों के विरुद्ध जमीन के फर्जी कागजों पर बैंक से ऋण लेने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया। तीनों आरोपी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार राजीव लोचन माहेश्वरी पुत्र राजेंद्र माहेश्वरी निवासी जैन मंदिर वाली गली मीरापुर ने अपनी माता सरला देवी के नाम से गांव संभलहेड़ा में 12 मार्च 2004 को फैयाज पुत्र असगर से जमीन खरीदी थी। आरोप है कि कुछ समय बाद फैयाज ने जमीन संबंधी कागजों की कूट रचना कर बैंक से ऋण ले लिया। आरोप है कि 18 जनवरी को आरोपी फैयाज और उसके दो अन्य साथियों ने राजीव लोचन को जान से मारने की धमकी दी। राजीव लोचन ने कोर्ट के जरिए तीनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
दो को जेल भेजा
मीरापुर। पुलिस ने मोहल्ला कोटला के अमजद पुत्र सलीम को अवैध शस्त्र रखने और नंगला खेपड़ के संदीप पुत्र ध्यान सिंह को अपनी माता जयवीरी के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप में गिरफ्तार कर चालान कर दिया। पुलिस का कहना है कि अमजद कुछ अन्य मामलों में भी सक्रिय था।
होली पर हुड़दंगियों की खैर नहीं
मीरापुर। रंगों के त्योहार होली पर कानून व्यवस्था बनाए रखने संबंधी बैठक गांव संभलहेड़ा में आयोजित की गई। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि होली के अवसर पर अनावश्यक हुड़दंग मचाकर कानून व्यवस्था की समस्या पैदा करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि त्योहार को शांतिपूर्वक मनाकर आपसी भाईचारा बनाए रखें। इस अवसर पर अब्दुल कादिर राव, पूर्व प्रधान अखलाक कुरैशी, सलीम, सुरेश पाल, नरेंद्र कुमार, नूर आलम, मुन्ना आदि लोगों ने विचार व्यक्त किए।
महिला पर हमला
मीरापुर। मोहल्ला शरफपुरा निवासी एक महिला ने मोहल्ले के चार लोगों के विरुद्ध मारपीट करने के आरोप में थाने में तहरीर दी है। पीड़िता राधा पत्नी कपिल ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसके घर के सामने कुछ लोग शराब पीकर गाली-गलौज कर रहे थे। पीड़िता ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। मारपीट में राधा घायल हो गई। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
जनता से किए वायदे
पूरे करूंगा: भड़ाना
चुडियाला में विधायक का अभिनंदन
अमर उजाला ब्यूरो
मीरापुर। भाजपा विधायक अवतार सिंह भड़ाना ने कहा कि चुनाव के दौरान किए गए विकास कार्यों से संबंधित वादों को पूरा किया जाएगा। गांव चुड़ियाला में आयोजित एक कार्यक्रम में विधायक का ग्रामीणों द्वारा अभिनंदन किया गया।
विधायक भड़ाना ने कहा कि गांव में चल रहे सरकारी विद्यालयों का उच्चीकरण कराया जाएगा। विद्यार्थियों के लिए स्टेडियम बनवाया जाएगा। गांव के दोनों ओर मुख्य गेट का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि टिकौला चीनी मिल द्वारा गन्ने में तौल की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई कराई जाएगी। उल्लेखनीय है कि बैठक में किसानों ने टिकौला चीनी मिल पर गन्ने में घटतौली करने का आरोप लगाया था। इसके अतिरिक्त ग्रामीणों ने क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत आदि की भी मांग की। ग्रामीणों ने बिजली के बिलों में हो रही अनियमितता पर भी विधायक का ध्यान आकर्षित किया। पंडित धाराचंद शर्मा और सुधीर शर्मा ने विधायक का पगड़ी पहनाकर सम्मान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षक पंडित महेन्द्र प्रकाश शर्मा ने और संचालन दीपक कृष्णात्रेय ने किया। डॉ वीरपाल निर्वाल, वैद्य प्रदुमन शर्मा, ताहिर कुरैशी, आलोग गोयल, राम चन्द्र राय, सुदेश शर्मा, जयनेंद्र कनेडी, भगवत प्रसाद शर्मा, सत्यप्रकाश शर्मा, श्रीपाल, जोनी, अंकुर, ब्रजमोहन, ब्रजपाल, सतीश गुप्ता आदि मौजूद रहे।