केमरी थाना क्षेत्र के ग्राम शिवनगर निवासी निसार अहमद (45) पुत्र अब्दुल रहमान गुरुवार की सुबह करीब छह बजे बाइक द्वारा भोट थाना क्षेत्र के ग्राम प्रेमपुर जा रहा था। करीमपुर रोड पर ग्राम मुतियापुरा के पास तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर खाई में घुस गई। इससे युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मौके पर तमाम लोग एकत्र हो गए। बाद में पुलिस भी पहुंच गई।
पुलिस ने आनन फानन में गंभीर घायल को जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक जहां घायल ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव केे कब्जे में कर लिया, मगर परिजन बिना किसी भी पोस्टमार्टम के ही शव को अपने घर ले गए। पुलिस का कहना है कि परिजनों ने घटना को इत्तफाकिया माना है। वहीं, मिलक में स्थानीय क्षेत्र में हाईवे पर तड़के हुए हादसे में कैंटर चालक की मौत हो गई।
बुलंदशहर जिले के श्याना निवासी असलम कैंटर से सामान लेकर बनारस जा रहा था। सुबह तड़के वह हाईवे से यहां से गुजरा। कोतवाली क्षेत्र के एक ढावा के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। कुछ लोग असलम को सीएचसी पर लाए, जहां पर डाक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पीएम को भेजा है।