तंत्र-मंत्र के फेर में आई एक महिला की मासूम बेटी को झांसा देकर एक तांत्रिक छात्रा को लेकर गायब हो गया। छात्रा के अपहरण की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया है। एसडीएम ने कोतवाली पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली और पुलिस टीमें गठित की हैं।
मामला कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से जुड़ा है। पीड़ित महिला ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उसके घर के पड़ोस में एक युवक तीन फरवरी की रात को ठहरा था। चार फरवरी को महिला को बिलासपुर के मुहल्ला लक्ष्मीनगर निवासी कथित बब्लू तांत्रिक के आने की जानकारी मिली थी। तब महिला अपनी बेटी के साथ वहां पहुंच गई और उसने तीन साल से घर से चले गए अपने पति के बारे में जानकारी की। तब कथित तांत्रिक ने उनके जल्द लौटने का भरोसा जताया और 151 रुपये पूजा कराने के लिए ले लिए।
शाम को आरोपी बब्लू महिला के घर पहुंचा और खाना मांगा। तांत्रिक ने महिला की 12 साल की बेटी के हाथ से खाना बनवाया और उसके हाथ से खाना परोसने को कहा। उसने महिला की मासूमबेटी को पहले नए कपड़े पहनवाए और उससे खाना मंगवाकर खाया। आरोप है कि देर रात होने पर उसको अचानक नींद आ गई और उसकी नाबालिग बेटी और कथित तांत्रिक बातें करते रहे। इसके बाद आरोपी कथित तांत्रिक उसकी नाबालिग बेटी को अगवा करके ले गया।
जागने पर महिला को अपनी बेटी और कथित तांत्रिक गायब मिला। सुबह महिला ने अपनी बेटी के अगवा होने की सूचना आसपास के लोगों को दी। महिला की बेटी गांव के ही स्कूल में कक्षा सात में पढ़ती है। मामला पुलिस तक पहुंचा। तब पुलिस में बालिका के अगवा होने पर हड़कंप मच गया। मामले में आरोपी बबलू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी के ठिकाने पर बिलासपुर में धर पकड़ को दबिश दी, लेकिन उसका मकान बंद मिला। एसपी डा. विपिन ताडा अपराह्न चार बजे कोतवाली पहुंचे और पूरे प्रकरण की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस को बालिका की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं।