होली मिलने पहुंचे एक युवक ने अपनी शादीशुदा प्रेमिका के घर पहुंचकर जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। युवक के परिवार वालों ने शादीशुदा प्रेमिका के खिलाफ आत्महत्या को उकसाने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने युवक के परिजनों की तहरीर पर हत्या के लिए उकसाने के आरोप में महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
आत्महत्या का यह मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के माला सिनेमा रोड स्थित सैनी नगर का है। आरोप है कि सैनीनगर निवासी मदन लाल (22) का बस्ती की ही एक महिला से प्रेम संबंध थे, जो कि शादीशुदा है। कई साल से मदन लाल के उससे संबंध बताए गए हैं।
आरोप है कि होली के दिन मदन लाल अपने पड़ोस में रहने वाली शादीशुदा प्रेमिका के घर पहुंच गया, जहां पर उसका प्रेमिका और उसके परिवार के लोगों से विवाद हो गया। इसी विवाद के बाद उसने जहरीला पदार्थ खा लिया और हालत बिगड़ने के बाद वह घर के बाहर आया और बेहोश हो गया।
मामले की सूचना पर मदनलाल के परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए और उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर होते देख डाक्टरों ने उसे मुरादाबाद अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मुरादाबाद पहुंचते ही मदन लाल ने दम तोड़ दिया। परिवार के लोग शव को रामपुर ले आए।
सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और मदनलाल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मदनलाल के भाई ताराचंद की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। परिवार वालों का आरोप है कि महिला ने मदनलाल को जहर देकर मारा है। मदनलाल के भाई की ओर से आरोप लगाया कि उसका भाई कुंवारा था और उसके संबंध माया नाम की महिला से थे। माया के बच्चे भी हैं। माया लगातार उसके भाई पर दबाव बनाकर गलत काम कराती रहती थी।
शहर कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मदन की प्रेमिका माया के खिलाफ आत्महत्या को उकसाने के लिए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस जांच कर रही है। जल्द आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लेंगे।