क्लीनिक पर दवा लेने आई युवती को नशीली चाय पिलाकर झोलाछाप ने उसकी अस्मत लूट ली। युवती की तहरीर पर झोलाछाप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। गंज थाना क्षेत्र निवासी युवती का आरोप है कि उसके घर से कुछ दूरी पर झोलाछाप की क्लीनिक है। तीन दिन पहले तबीयत खराब होने पर वो दवा लेने गई थी।
झोलाछाप ने युवती को दवा देने के साथ ही उसकी शादी के बारे पूछताछ की। युवती ने खुद को अविवाहित बताया। झोलाछाप ने कहा कि मेरी कुछ लोगों से पहचान है। वो उसे शादी अनुदान भी दिलवा देगा। इसके लिए उसने युवती से आईडी मांगी। झोलाछाप की बात पर विश्वास करते हुए युवती गुरुवार शाम उसके पास आईडी लेकर पहुंच गई।
झोलाछाप उसको अपने साथ घर ले गया और उसको चाय पिलाई। आरोप है कि चाय पीने के बाद युवती बदहवाश हो गई। इसके बाद आरोपी झोलाछाप ने उसके साथ रेप किया। युवती को होश आया तो वो अपनी स्थिति देखकर घबरा गई। उसने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई।
परिजन आरोपी झोलाछाप के क्लीनिक पर पहुंचे, लेकिन क्लीनिक बंद पड़ा था। युवती ने गंज थाने में तहरीर दी। पुलिस ने झोलाछाप विजेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर की है।