प्रार्थना सभा के दौरान लाउडस्पीकर बजाने का विरोध करने पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे और पथराव भी हुआ। खूनी संघर्ष में महिला की मौत हो गई और पांच लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों ओर से आठ लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जोसफनगर निवासी लच्छा मसीह का पुत्र थॉमस अपने घर में शाम को रोजाना ईसाई समाज के लोगों के लिए प्रार्थना कराता है। बुधवार रात करीब आठ बजे थॉमस अपने घर में प्रार्थना करा रहा था। आरोप है कि पड़ोसी डैनियल अपने पुत्र हैप्पी, काका और संतोष के साथ उसके घर में घुस गया।
शराब के नशे में लाउडस्पीकर बंद कराने को कहा। लाउडस्पीकर बंद न करने पर उन्होंने गाली-गलौज और शुरू कर दी। इसके बाद दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। पथराव भी हुआ। इसमें थॉमस की मां सोसन (60), आशा, जेम्स मसीह, विक्टर और दूसरे पक्ष के डैनियल घायल हो गए।
ईसानगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। चिकित्सकों ने सोसन को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। गुरुवार सुबह सोसन ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने लच्छा मसीह के पुत्र डेविड की ओर से डैनियल, हैप्पी, संतोष, काका तथा डैनियल की ओर से जेम्स, बाबू, माइकल, नीला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।