हाईवे पर बाईपास मोड़ के पास सोमवार की तड़के एक बस में टैंकर ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे बस सवार पंजाब निवासी छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बाद में चीख पुकार मचने पर आसपास के लोगों ने घायलों को बस से निकाला। साथ ही उन्हें अस्पताल भेजा गया।
वहीं, छात्र के परिजनों ने मामले की रिपार्ट दर्ज कराई है। उधर, हाईवे पर ही दूसरी घटना में भी एक टैंकर ने बोलेरो में टक्कर मार दी। इससे दो लोग घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोतवाली क्षेत्र के रोरा कला स्थित बाईपास से होकर सोमवार को तड़के दिल्ली से एक प्राइवेट बस बरेली जा रही थी।
जब बस बाईपास के पास नगर की ओर जाने के लिए मुड़ी तभी एक टैंकर ने इसमें पीछे से टक्कर मार दी। इससे पंजाब के जिला फिरोजपुर की तहसील जिरा क्षेत्र के वीपीओ मल्लनवाला निवासी छात्र मन प्रीत सिंह (26) गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे होने पर यात्रियों की चीख पुकार मच गई।
मौके पर पहुंचे लोगों ने घायलों को बाहर निकाला। पुलिस ने छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, छात्र के चाचा निर्मल सिंह ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मनप्रीत के चाचा ने बताया कि वह दिल्ली में कोचिंग कर रहा था और बस से उसे शाहजहांपुर जाना था, जहां पर उनका कृषि फार्म है, लेकिन रास्ते में दुर्घटना हो गई।