धान बेचकर लौटकर रहे चालक से बाइक सवार तीन बदमाशों ने ट्रैक्टर-ट्राली लूट ली। बदमाशों ने ट्रैक्टर-चालक को खेत में पेड़ से बांध दिया और ट्रैक्टर-ट्राली लूट कर फरार हो गए। पुलिस घटना की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक मिलकखानम के रहने वाला इस्लाम नबी शुक्रवार को ट्रैक्टर-ट्राली में धान लादकर गदरपुर की मंडी तक गया था।
मंडी से वो रात आठ बजे वापस लौट रहा था। रास्ते में सैदनगर मोड़ के पास बाइक सवार तीन लोगों ने ओवरटेक करके ट्रैक्टर-ट्राली रोक ली। चालक को ट्रैक्टर से उतारकर मारपीट करने लगे और उसको खेत में ले जाकर पेड़ से बांध दिया। इसके बाद वो ट्रैक्टर-ट्राली लेकर फरार हो गए।
इस्लाम नबी जब घर नहीं पहुंचे तो उसके परिजन उनको खोजने निकल पड़े। इस दौरान वो किसी तरह रस्सी खोलकर सड़क तक पहुंचा और शोर मचाया। सूचना पर मिलकखानम की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस बदमाशों की तलाश की, लेकिन वो हाथ नही आए। एसओ शैलेंद्र श्रीवास्तव का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है।