महिला कांग्रेसी नेता के भाई ने आत्महत्या की
महिला कांग्रेस की नगर अध्यक्ष डा. शहनाज रहमान के भाई अतीकुर्रहमान ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी आसमां की तहरीर पर मृतक के भाई और बहन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का दावा है कि अतीकुर्रहमान के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। उनके शव को दफन को लेकर मृतक के परिजन व ससुराल पक्ष के लोग भी आमने-सामने आ गए। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने उनका दफन किया।
जानकारी के मुताबिक प्रापर्टी डीलर अतीकुर्रहमान मंगलवार की रात बरेली गेट अपने निवास स्थान पर अचेतावस्था में मिले थे। उनको एक निजी चिकित्सक के ले जाया गया, जहां डाक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया। बाद में अतीकुर्रहमान की पत्नी आसमां ने सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर जानकारी दी कि उनके पति को जहर देकर मार दिया गया है। उन्होंने इसका आरोप अपने पति के भाई-बहन पर लगाया।
पुलिस का दावा है कि अतीकुर्रहमान के पास एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें अपनी मौत का उन्होंने अपने घर वालों को बताया है। पुलिस ने अतीकुर्रहमान के भाई-बहन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने (आईपीसी की धारा 306) के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने बुधवार को अतीकुर्रहमान के शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव उनके परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद उनके ससुराल पक्ष के लोग भी मौके पहुंच गए और शव सौंपे जाने की मांग करे लगे।
इसको लेकर उनके परिजन व सुसराल पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक शुरू हो गई। मामले की जानकारी मिलने पर सिविल लाइंस व गंज थाने की पुलिस मौके पहुंच गई। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप के बाद अतीकुर्रहमान के शव को उनके ससुराल पक्ष के लोगों को सौंप दिया गया। उनको पक्का पुल स्थित कब्रिस्तान में दफन किया गया। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर अजय कुमार का कहना है कि मामले में अतीकुर्रहमान के पास एक सुसाइड नोट मिला है। पत्नी की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।