विवाह समारोह में शनिवार को बारातियों से अभद्र व्यवहार एवं महिलाओं पर फब्तियां कसने पर हंगामा हो गया। विरोध करने पर आरोपी युवकाें ने फायरिंग शुरू कर दी। इससे बारात में भगदड़ मच गई। आरोपियेां को घेरने पर उन्होंने एक युवक के सिर में तमंचे की बट मार कर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर युवक भाग गए। पुलिस ने मामले में पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। उत्तराखंड के रुद्रपु़र से क्षेत्र के नरपतनगर गांव निवासी मोहम्मद यासीन की बेटी की बारात शनिवार को नगर स्थित मैरिज हाल में आई थी।
आरोप है कि देर रात वधू की विदाई हो रही थी। इस दौरान नगर के कुछ युवक विवाह समारोह में घुस आये और बारातियों से अभद्र व्यवहार एवं महिलाआें पर फब्तियां कसने लगे। इसका विरोध करने पर उन्होंने बारातियों से मारपीट शुरू कर दी। साथ ही तमंचों से हवाई फायरिंग करने लगे, जिससे बारात में भगदड़ मच गई। इस दौरान वधू के चाचा परवेज और अन्य साथियों ने युवकों को घेरने का प्रयास किया तो उन्होंने परवेज के सिर में तमंचे की बट से प्रहार कर घायल कर दिया।
इससे वह गंभीर रूप सेे घायल हो गया। मैरिज हाल में फायरिंग और मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। इससे पहले ही युवक भाग गए। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। लड़की के पिता मोहम्मद यासीन की ओर से नगर के मोहल्ला चक स्वार निवासी तालिब, मोहम्मद हनीफ, राशिद, शकूर, सुभान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
रंजिश में स्वार के युवकों पर फायरिंग
स्वार थाना क्षेत्र के गांव जमीरगंज निवासी जावेद के भाई नावेद का स्वार के ही रहने वाले मेहरबान और उसके रिश्तेदारों से काफी समय से रंजिश चली आ रही है। दोनों भाई किसी काम से शनिवार की रात बाइक से बिलासपुर जा रहे थे। इस दौरान स्वार निवासी तीन लोगों ने उनको एक मजार के पास हाथ देकर रोक लिया। उसके बाद दोनों भाइयों से गाली गलौज करने लगे। इस दौरान नावेद के विरोध करने आरोपियों ने दोनों पर तमंचे से फायरिंग कर दी।
इस दौरान नावेद घायल होकर गिर गया। वहीं, उसका भाई जावेद बाल-बाल बच गया। गोली चलने की सूचना के बाद आसपास के गांव के लोगों को आते देख आरोपी भाग गए। बाद में घायल नावेद को जिला अस्पताल लाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों की हर जगह तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। बाद में जावेद की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रभारी एसओ अजीमनगर नरेंद्र कुमार का कहना है कि आरोपियों मेहरबान और घायल जावेद रिश्तेदार हैं। इनकी काफी समय से रंजिश चली आ रही है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। शीघ्र उन्हें पकड़ लिया जाएगा।