रामपुर स्वार रोड पर तेज गति से आ रही पिकप ने एक बालक को कुचल डाला, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने हंगामा किया। लोगों ने स्वार रोड पर जाम लगा दिया। पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाबुझाकर शांत किया। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस ने पिकप चालक को मय गाड़ी के पकड़ लिया है। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
अजीमनगर थाना क्षेत्र के मिलक अब्बू खां निवासी मोहम्मद यासीन का पांच साल का बेटा मोहम्मद अर्श शनिवार को खेत से वापस घर जा रहा था। इस दौरान तेज गति से आ रही पिकप ने बालक को चपेट में ले लिया,जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग भी मौके की ओर दौड़ पड़े।
मामले की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। साथ ही पिकप चालक को भी पकड़ लिया। मामले की जानकारी पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को शांत किया। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
इस बीच पुलिस ने पिकप चालक को भी पकड़ लिया। इस मामले में बालक के दादा रफीक अहमद की ओर से थाने में तहरीर दी गई,जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद अर्श के परिवार में कोहराम मच गया है। थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह ने बताया कि इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कर चालक को पकड़ लिया गया है।
ग्रामीणों ने उठाई ब्रेकर की मांग
सैदनगर। क्षेत्र के लोगों ने गांव के सामने रामपुर स्वार रोड पर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग पुलिस के सामने रखी है। उनका कहना है कि स्पीड ब्रेकर नही हैं,जिसकी वजह से वाहन तेज गति से आते है और हादसे हो जाते हैं। उन्होंने ब्रेकर बनवाने की मांग की,जिस पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।