रामपुर। बलात्कार और मारपीट की झूठी शिकायत करने के मामले में मुख्यमंत्री कार्यालय के आदेश पर पुलिस ने शिकायतकर्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। केमरी थाना क्षेत्र के एक ग्रामीण ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। उसका आरोप था कि उसके साथ कुछ लोगों ने मारपीट की,जबकि उसकी पत्नी के साथ बलात्कार किया। उसने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इस शिकायत की जांच सीओ की ओर से की गई। जांच में मामला रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद का बताया गया। जांच में यह पाया गया कि न तो ग्रामीण के साथ मारपीट की गई थी और न ही उसकी पत्नी के साथ दुष्कर्म किया गया। सीओ ने इस पूरे मामले की आख्या मुख्यमंत्री पोर्टल पर भेजी,इसके बाद सीओ की जांच आख्या को मुख्यमंत्री ने गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री पोर्टल के माध्यम से इस मामले पुलिस अधीक्षक को झूठी शिकायत दर्ज कराने वाले के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए थे। एसपी के आदेश पर सिविल लाइंस पुलिस ने इस मामले में शिकायतकर्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।