अजीमनगर क्षेत्र में बदमाशों का धावा, ग्रामीणों ने फायरिंग कर दौड़ाया
सैदनगर (रामपुर)। अजीमनगर थाना क्षेत्र के मिलक आरिफ गांव में बदमाशों ने एक शादी वाले घर में धावा बोल दिया। आहट होने पर ग्रामीणों ने बदमाशों पर फायरिंग शुरू कर दी,जिसके बाद बदमाशों ने भी फायरिंग की। बाद में ग्रामीण बदमाशों पर भारी पड़े। बदमाशों को मौका पाकर भागना पड़ गया। पुलिस को मामले की सूचना दी गई। पुलिस ने पहुंचकर मौका मुआयना भी किया।
क्षेत्र के मिलक आरिफ गांव में अशरफ अली के घर में शादी थी। बारात बृहस्पतिवार की शाम को वापस आई थी। कुछ मेहमान अशरफ के यहां सोए हुए थे,जबकि कुछ मेहमान उसके भाई रईस के यहां थे। बृहस्पतिवार की रात में बदमाशों ने रईस के घर पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने घर में सो रहे लोगों पर हल्का पानी डाल दिया,जिसके बाद कुछ बच्चे उठ गए और उन्होंने शोर मचा दिया। बच्चों काशोर सुनकर बड़े भी उठ गए। बदमाशों को देख लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। ग्रामीणों ने भी इस दौरान फायरिंग की। फायरिंग होते देख बदमाशों ने भी फायरिंग कर दी,जिससे अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में घटना की जानकारी पुलिस को दी। इस बीच बदमाश मौका पाकर भाग खड़े हुए। पुलिस ने मौका मुआयना किया,लेकिन जब तक पुलिस पहुंची तब तक बदमाश भाग चुके थे। इस गांव में दस माह पहले भी डकैती की घटना को बदमाश अंजाम दे चुके हैं।