सांगला (किन्नौर)।
पूह खंड के जंगी मोड़ के पास मूरंग झूले के साथ सोमवार दोपहर करीब 12 बजे एक पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर सतलुज नदी में जा गिरी। इससे चालक सतलुज में लापता हो गया। उसका देर शाम तक कोई पता नहीं चल पाया। सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय लोग और आईटीबीपी के जवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने रस्सी से बांधकर वाहन को नदी से बाहर निकाला। डीएसपी चंद्रपाल सिंह की अगुवाई में पुलिस, क्युआरटी की टीम, स्थानीय लोग और आईटीबीपी के जवान सतलुज के किन्नारे लापता चालक की खोजबीन करते रहे। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।
पुलिस थाना मूरंग से मिली जानकारी के मुताबिक महिंद्रा पिकअप एचपी 25 ए 8585 जिला मुख्यालय रिकांगपिओ से पूह की ओर जा रही थी। इसके चलते जंगी मोड़ स्थित मूरंग झूले के पास वह अनियंत्रित होकर एनएच-5 से 120 फीट नीचे सतलुज नदी में जा गिरी। हादसे में चालक गुलाब सिंह (23) निवासी गांव शेखवा, डाकघर सराहन, तहसील करसोग, जिला मंडी सतलुज में लापता हो गया। अंदेशा जताया जा रहा है कि चालक सतलुज के तेज बहाव में बह गया हो। उधर, एसपी किन्नौर गुरदेव शर्मा ने हादसे की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि जीप में सिर्फ चालक ही सवार था। हादसा के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है। पुलिस टीम चालक की तलाश में जुट गई है।