रामपुर। पूर्व मंत्री आजम खां के खिलाफ कांग्रेसी नेता फैसल खां लाला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच आयकर विभाग ने शुरू कर दी है। आयकर विभाग नेे इस संबंध में फैसल लाला से दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा है। फैसल का कहना है कि आयकर विभाग को जल्द से जल्द दस्तावेज उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
फैसल लाला ने 17 नवंबर 2016 को राज्यपाल राम नाईक से जौहर यूनिवर्सिटी को चंदा दिए जाने में अनियमितता, राज्यसभा सांसद डा. तजीन फात्मा, मुन्नवर सलीम की सांसद निधि और आजम खां की विधायक निधि का 80 फीसदी हिस्सा जौहर यूनिवर्सिटी में लगाए जाने सहित आजम खां पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत की थी। राज्यपाल को सौंपे ज्ञापन में उन्होंने कहा था कि अब तक जिन लोगों ने जौहर यूनिवर्सिटी को चंदा दिया है, उनकी जांच होनी चाहिए। इस बात की जांच होनी चाहिए कि क्या उनकी आमदनी इतनी अधिक है कि उन्होंने जौहर यूनिवर्सिटी को लाखों और करोड़ों का चंदा दिया है या फिर काले धने को छुपाने के लिए फर्जी तरीके से रसीद काटी गई है। इस शिकायत पर अब आयकर विभाग ने संज्ञान लिया है। आयकर विभाग के उप निदेशक (जांच) मुरादाबाद, एम के पांडेय ने फैसल लाला को पत्र भेजकर कहा है कि उनके द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच इस कार्यालय से की जा रही है। अगर इन आरोपों से संबंधित और भी दस्तावेज उनके पास हैं तो उपलब्ध कराएं। आयकर विभाग से पत्र मिलने के बाद फैसल का कहना है कि वह जल्द ही इन आरोपों की पुष्टि करने वाले दस्तावेज अधिकारियों को उपलब्ध कराएंगे। वहीं आजम खां के मीडिया प्रभारी फसाहत अली खां शानू का कहना है कि इन आरोपों में कोई दम नहीं है। इस पर प्रतिक्रिया देने का कोई मतलब नहीं है।