ओवरलोड डंपर ने सवा साल की मासूम को कुचला, मौत
अमर उजाला ब्यूरो
राई/सोनीपत। गांव मेहंदीपुर में गली में खेल रही एक साल दो माह की मासूम बच्ची को ओवरलोड डंपर ने कुचला दिया। हादसे में मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों व ग्रामीणों ने ओवरलोड वाहनों को लेकर रोष जताया। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने बच्ची के पिता के बयान पर डंपर चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है।
गांव मेहंदीपुर निवासी बुधराज की सवा साल की बेटी ईशिका बुधवार सुबह घर के बाहर गली में खेल रही थी। इसी दौरान गली से गुजर रहे तेज रफ्तार डंपर ने बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया। डंपर के टायरों के नीचे आने से बच्ची का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने बुधराज के बयान पर डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद से परिजनों का रोकर बुरा हाल हैै। ईशिका तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी।
---
हादसे को लेकर ग्रामीणों ने जताया रोष
तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आकर मासूम की मौत के बाद ग्रामीणों व परिजनों ने रोष जताया। सूरत सिंह, वेद प्रकाश व सुरेश ने बताया कि प्रतिदिन डंपर गांव की गलियों से गुजरते हैं। जिससे हादसा होने का भय बना रहता है। गलियों में गुजरते हुए डंपर चालकों की गति बहुत तेज होती है। बार-बार शिकायत के बाद भी प्रशासन व पंचायत की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। यहां तक कि गलियों में ब्रेकर तक नहीं बनाए गए हैं। जिससे वाहन चालकों की गति पर लगाम कसी जा सकी।
--
शोर भी नहीं मचा सकी मासूम बच्ची की चाची
ईशिका की चाची मीना ने बताया कि घटना के समय वह अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर वापस लौट रही थी। घर के बाहर आने के बाद उसे सीने में दर्द महसूस हुआ। इसी बीच डंपर चालक ने गली में खेल ही ईशिका को कुचल दिया। हादसा इतना दर्दनाक था कि उसका गला ही रूंध गया और काफी देर तक उसकी आवाज तक नहीं निकली। महिला ने आरोप लगाया कि गली से सुबह स्कूली बच्चे गुजरते हैं, लेकिन उसके बावजूद डंपर चालक लापरवाही से वाहन चलाते हैं।
---
डंपर की चपेट में आने से मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर भाग गया। डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। जल्द ही डंपर चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।
- एएसआई चैन सिंह, जांच अधिकारी, थाना मुरथल।