ककरौवा गांव में फिर बदमाशों का धावा,फायरिंग
धमौरा/रामपुर। शहजादनगर थाना क्षेत्र के गांव ककरौवा में रविवार की रात को फिर बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों की आहट पर ग्रामीणों ने उन्हें दौड़ा लिया। गांव में कई घंटे तक अफरातफरी मची रही। इस दौरान दोनों ओर से फायरिंग भी हुई। लोग बदमाशों के खौफ से परेशान रहे।
शहजादनगर थाना क्षेत्र के ककरौवा गांव में चार दिन पहले सब्जी विक्रेता अतहर मियां के घर बदमाशों ने धावा बोला था और एक लाख रुपये का माल लूट लिया था। लूटपाट की घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत है। रविवार की रात एक बार फिर बदमाशों ने गांव में धावा बोल दिया,जिसके बाद गांव के लोग दहशत में आ गए। ग्रामीणों ने तीन बदमाशों को ईख के खेत से निकलते हुए देखा तो फिर शोर शराबा मच गया। ग्रामीणों ने बदमाशों को दौड़ा लिया। शोर सुनते ही बदमाश जंगल की ओर भागने लगे। गांव वालों और बदमाशों की तरफ से फायरिंग भी की गई। गांव में शोर-शराबा होने पर काफी लोग एकत्र हो गए। कई घंटे तक गांव में अफरातफरी का माहौल पैदा रहा। हालांकि गांव में पुलिस ने गश्त भी की थी,लेकिन पुलिस इस दौरान मूक दर्शक बनी रही। ककरौवा गांव में ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।