शाहबाद (रामपुर)। पशुशाला में सोने गए किसान ने शनिवार की रात पशुशाला में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। किसान के फंदा लगाकर आत्म हत्या कर लेने से घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया। कोतवाली क्षेत्र के जगेसर गांव निवासी 40 वर्षीय किसान पवन ने शनिवार की शाम घर से बिना खाना खाए रोजाना की तरह पशुओं के पास पशुशाला में सोने चला गया था। सुबह करीब सात बजे तक उनके न उठने पर जब परिजनों ने पशुशाला में जाकर देखा तो उनकी चीख निकल गई। किसान पवन पशुशाला में फंदे पर लटका पड़ा था। पशुशाला में चीख पुकार मचते ही तमाम पास पड़ोसी दौड़कर मौके पर जा पहुंचे और उन्होंने आनन फानन में मृतक पवन को फांसी के फंदे से नीचे उतारा।किसान के फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने से घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो रोकर बरा हाल था। बाद में परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया। किसान के फांसी लगाकर जान दे देने को लेकर गांव में रविवार को दिनभर लोग तरह तरह की चर्चाएं करते रहे।