हलिया। क्षेत्र के पूरा महादेव गांव निवासी रंगनाथ मौर्य के घर शनिवार की शाम पहुंचा एक युवक झांसा देकर उनकी बेटी से 30 हजार रुपए लेकर बाइक से चंपत हो गया। उस वक्त युवती के माता-पिता घर पर मौजूद नहीं थे। घर लौटने पर युवती के पिता ने सौ नंबर पर पुलिस को घटना की जानकारी दी। कुछ देर बाद पहुंची पुलिस ने छानबीन की लेकिन उचक्के का पता नहीं चला। रविवार को तहरीर मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। दिव्यांग रंगनाथ मौर्य हलिया बाजार में ठेले पर सब्जी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। शनिवार को भी रंगनाथ सब्जी बेचने गए थे। उनकी पत्नी शिवचर्चा में चली गई थीं। घर पर उनकी दो बेटियां मेनका और अरुणा मौजूद थी। रंगनाथ ने बताया कि शाम को चार बजे एक बाइक सवार युवक उनके घर पहुंचा और उनकी बेटियों से कहा कि तुम्हारे पापा ने दो हजार रुपए तुरंत मंगाया है। इस पर बेटियों ने कहा कि पहले पापा से हमारी बात कराइए। इसके बाद युवक ने अपने मोबाइल से दो तीन बार फोन लगाने का नाटक किया और हैलो-हैलो करने के बाद कहा कि नेटवर्क खराब है, इसलिए आवाज नहीं आ रही। उसके झांसे में आकर अरुणा घर के अंदर से पॉलिथीन में रखे पूरे रुपए ले आई। वह दो हजार रुपये निकाल ही रही थी कि युवक ने उसके हाथ से पॉलिथीन छीनकर बाइक से नहर की पटरी के रास्ते भाग गया। थाना प्रभारी विश्व ज्योति राय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।