अमरोहा के कपड़ा विक्रेता की हत्या कर लाश को फेंक देने का मामला हो या फिर प्रापर्टी डीलर से दो लाख रुपये की लूट की वारदात। इन वारदातों को सुलझा पाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती भरा साबित हो रहा है। इसके साथ ही पुलिस कई हत्या जैसी वारदातों के मुलजिम को गिरफ्तार कर पाने में भी कामयाब नहीं हो पा रही है।
केस संख्या-1
नहीं सुलझी अमरोहा के कपड़ा विक्रेता की हत्या की गुत्थी
हत्या कर शहजादनगर क्षेत्र में फेंकी गई थी सादिक की लाश
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर। शहजादनगर पुलिस अमरोहा के कपड़ा विक्रेता की हत्या की गुत्थी नहीं सुलझा पाई है। वारदात हुए बीस दिन से ज्यादा का समय निकल चुका है,लेकिन पुलिस अभी भी अंधेरे में तीर चला रही है।
युवक की हत्या कर लाश फेंक देने का यह मामला शहजादनगर थाना क्षेत्र के नैनीताल बाईपास पर स्थित अहमदनगर पहाड़ी गांव के पास का है। पुलिस को एक जुलाई को सड़क किनारे झाड़ी में एक युवक की लाश मिली थी। पुलिस युवक की शिनाख्त नहीं कर सकी थी। युवक के हाथ-बंधे हुए थे। उसके शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान पाए गए थे। उसके चेहरे पर भी चोट के निशान थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। मृतक की पहचान अमरोहा के पीरजादा मुहल्ला निवासी सादिक के रूप में हुई थी । सादिक साप्ताहिक बाजारों में कपड़े की दुकान लगाता था। परिवार के लोगों का कहना है कि शनिवार को वह हल्द्वानी गया था। हल्द्वानी से उसे वापस अमरोहा जाना था,लेकिन शनिवार की रात में ही उसका फोन बंद हो गया था। पुलिस की जांच अभी भी जारी है,लेकिन इस प्रकरण में अभी तक कोई खुलासा नहीं हुआ है। बीस दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस यह तक पता नहीं लगा सकी है कि आखिर उसकी हत्या क्यों और किसने की थी। पुलिस अंधेरे में तीर चला रही है।
केस संख्या-2
प्रापर्टी डीलर की लूट का भी नहीं हो सका खुलासा
प्रापर्टी डीलर से दिनदहाड़े लूटे थे 1.95 लाख
बाइक सवार बदमाशों ने दिया था घटना को अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर । सैदनगर पुलिस चौकी क्षेत्र में प्रापर्टी डीलर से बाइक सवार तीन बदमाशों द्वारा 1.95 लाख रुपये लूटने की वारदात के तीन दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ है। पुलिस इस मामले में अंधेरे में तीर चला रही है साथ ही पुराने बाइक सवार लुटेरों पर भी निगाह टिकाए हुए है।
गंज थाना क्षेत्र के काशीपुर गांव निवासी प्रापर्टी डीलर फहीम मंगलवार की दोपहर एक बजे फहीम काशीपुर से प्रानपुर होता हुआ सैदनगर की ओर जा रहा था। भटपुरा सरावा मोड़ पर बाइक से आए तीन बदमाशों ने उसे ओवर टेक कर तमंचा तान दिया और फिर 1.95 लाख रुपये लूट लिए थे। लूटने के बाद बदमाश बाइक से ही मौके से फरार हो गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी सुधा सिंह और सीओ समेत अन्य पुलिस अफसर मौके पर पहुंच गए। घटना के चौबीस घंटे बाद भी पुलिस खाली हाथ है। पुलिस ने पीड़ित से भी बात की साथ ही हुलिया बताने को कहा था,लेकिन वह भी कुछ नहीं बता पाया। चौबीस घंटे बाद भी पुलिस इस मामले में कोई खुलासा नहीं कर पाई है।
केस संख्या-तीन
नहीं पकड़े गए बिलासपुर डकैती के बदमाश
सोढ़ी कालोनी में रिटायर्ड एफसीआई कर्मी और शिक्षिका के घर हुई थी लूटपाट
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर। उत्तराखंड की सीमा स्थित बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र के सोढ़ी कालोनी में बदमाशों ने भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के सेवानिवृत्त कर्मचारी और उनकी किरायेदार शिक्षिका के घर में बीस दिन पहले हुई लाखों की लूटपाट की वारदात का भी पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है। इस वारदात का खुलासा पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।
लूटपाट की यह वारदात रुद्रपुर रेलवे स्टेशन के सामने स्थित सोढ़ी कालोनी में दो जुलाई की रात में हुई थी। एफसीआई से रिटायर्ड कर्मचारी गोपालदास और उनके मकान में रुद्रपुर के कन्या जूनियर हाईस्कूल की शिक्षिका मंजू शर्मा के मकान में घुसे बदमाशों ने हथियारों के बल पर गोपाल दास व उनकी पत्नी को कब्जे में कर नगदी व जेवर देने की मांग की। लूटपाट का विरोध करने पर उन्हें मारापीटा और हाथ-पैर बांधकर एक कमरे में बंद कर दिया था। दोनों परिवारों के लोगों को कमरे में बंद करने के बाद बदमाशों ने घर में जमकर लूटपाट की थी। बदमाश यहां से करीब सात लाख कासामान समेट कर ले गए थे। पुलिस इस घटना का भी खुलासा नहीं कर पाई है। बदमाशों की तलाश में पुलिस ने उत्तराखंड में भी डेरा डाला,लेकिन सफलता नहीं मिल पाई।
इन मामलों में अभी गिरफ्तारी होनी है बाकी
सिविल लाइंस का सैफ हत्याकांड: दो आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर
कोतवाली का गुलवेज हत्याकांड: एक आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर
------------------------
- घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस हर संभव कोशिश कर रही है। सभी थानाध्यक्षों को निर्देश जारी किए गए हैं। कुछ घटनाओं में महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही सभी घटनाओं का खुलासा हो जाएगा। - डा. विपिन ताडा पुलिस अधीक्षक