किसान को गन प्वाइंट पर लेकर चार लाख का डाका
मिलकखानम (रामपुर)। मिलकखानम थाना क्षेत्र के किसान को गन प्वाइंट पर लेकर चार नकाबपोश बदमाश वहां से सोना व चांदी सहित करीब चार लाख का माल समेट कर ले गए। किसान के विरोध करने पर उसको गोली मारकर घायल कर दिया। इस मामले में पुलिस ने रंजिश बताते हुए चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिलकखानम थाना क्षेत्र के गांव तहकलां निवासी सज्जाद पेशे से किसान है। उसका कहना है कि सोमवार रात को वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहा था। आधी रात के बाद चार नकाबपोश उसके घर में घुुस गए। बदमाशों ने सज्जाद को तमंचे के बल पर ले लिया। जबकि उसकी बीबी को धमका दिया। उसके बाद बदमाशों ने सभी कमरों की तलाशी लेनी शुरु कर दी। बदमाश वहां पर रखा 12 तोला सोना का जेवर व आठ सौ ग्राम चांदी लेकर फरार हो गए। इस दौरान सज्जाद ने एक बदमाश को दबोच लिया। बदमाश उसके सीने पर गोली चलाकर वहां से फरार हो गया। गोली चलने की आवाज सुुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। जहां उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले में पुलिस ने दो नामजद सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।