आजम खां को परिवार समेत धमकाने में रिपोर्ट
रामपुर।
पूर्व मंत्री और समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता विधायक मोहम्मद आजम खां और उनकी पत्नी राज्यसभा सदस्य तजीन फात्मा तथा विधायक बेटे अब्दुल्ला आजम को 72 घंटे के भीतर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि चौबीस घंटे बाद भी धमकी देने वालों तक नहीं पहुंच पाई है।
सपा के कद्दावर नेता पूर्व मंत्री आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम खां को अब फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। गुरुवार को अब्दुल्ला के मोबाइल पर शाम को डेढ़ घंटे में सात काल की गईं। सात दफा आई काल के दौरान अब्दुल्ला आजम को इंटरनेशनल काल से फोन आए थे। करीब 4.17 मिनट पर इंटरनेशनल नंबर +3444 से काल आई, लेकिन इस काल को रिसीव नहीं किया गया। इसके बाद 4.18 बजे दूसरी काल +11111111 नंबर से आई, जिसमें धमकी देने वाले ने उन्हेें, उनके माता-पिता को 72 घंटे के भीतर मारने की धमकी दी। चौथी काल 9457704554 से आई और इस बार भी धमकी देने वाले ने पूरे परिवार को 72 घंटे के भीतर जान से मारने की धमकी दी थी। 4.17 बजे से लेकर शाम 5.44 बजे तक सात काल आई थीं। एक काल में धमकी देने वाले ने कहा कि आजम खां तुझे मार डालूंगा। अब्दुल्ला ने इस पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक को की गई थी, जिसके बाद इस मामले में अब्दुल्ला आजम की तहरीर के आधार पर गंज थाने में धमकाने का मुकदमा कायम किया है। गंज प्रभारी सुशील कुमार वर्मा के मुताबिक अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कराते हुए जांच शुरू कर दी है।