झिंझर फरसा कांड : 35 गांवों ने जताया रोष, 31 सदस्यीय कमेटी गठित
चरखी दादरी। गांव झिंझर के हनुमान मंदिर से भगवान परशुराम का फरसा उखाड़कर ले जाने के मामले में शुक्रवार को 35 गांव के लोगों ने बैठक कर कड़ा रोष प्रकट किया। सभी ने शनिवार को इस संबंध में डीसी और एसपी से मिलने का निर्णय लिया। इस दौरान 31 सदस्यीय कमेटी का भी गठन किया गया है। दूसरी तरफ कार्रवाई कर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनकी पहचान रवि उर्फ रविंद्र, अजय उर्फ भुंडू और सचिन के रूप में हुई है।
वीरवार को गांव झिंझर स्थित हनुमान मंदिर में लगा भगवान परशुराम का फरसा कुछ लोग उखाड़ ले गए थे। जैसे ही ग्रामीणों को इसका पता चला लोगों ने नाराजगी प्रकट की। इसे लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई। पुलिस ने इस संबंध में वीरवार को ही अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। वहीं, कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने भी इस घटना पर रोष जताया था। शुक्रवार को इसे लेकर गांव झिंझर में करीब 35 गांवों के ब्राह्मण समाज के लोगों ने बैठक की। मास्टर ओमप्रकाश ने बताया कि बैठक में चरखी दादरी और भिवानी के गांवों से काफी संख्या में लोग एकत्र हुए। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि भगवान परशुराम समाज के लिए पूजनीय हैं। भगवान परशुराम का फरसा उखाड़कर ले जाने से समाज के लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। ऐसे असामाजिक तत्वों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। समाज के लोगों को एकजुटता के साथ ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ कदम उठाना चाहिए। बैठक में मौजूद मास्टर ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि बैठक में करीब एक घंटे की चर्चा के बाद 31 सदस्यीय कमेटी का गठन करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने बताया कि तकरीबन सभी गांवों से 31 सदस्यों की कमेटी गठित कर दी गई है। यह कमेटी इस पूरे प्रकरण पर निगरानी रखेगी। लगातार पुलिस व प्रशासन के संपर्क में रहेगी।
आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की करेंगे मांग
मास्टर ओमप्रकाश ने बताया कि इस घटनाक्रम को लेकर शनिवार को यह कमेटी सदस्य डीसी और एसपी से मिलेंगे। पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की जाएगी। बैठक में भिवानी से आरके शर्मा, कृष्ण कुमार, राजकुमार वशिष्ट, सतबीर गौड़, भूपेंद्र कौशिक सहित काफी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
झिंझर के ही युवकों ने उखाड़ा था फरसा
पुलिस प्रवक्ता भूदेव जांगड़ा ने बताया कि एसपी सुनील दलाल ने बौंदकलां थाने में दर्ज मामले में तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। कार्रवाई कर पुलिस ने तीन आरोपियों को बौंदकलां से गिरफ्तार कर लिया है। इनकी पहचान रवि उर्फ रविंद्र, अजय उर्फ भुंडू और सचिन के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इनके खिलाफ आईपीसी की धारा 295, 457, 380 व 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है।