रामपुर। हाईवे पर खड़ी बस से तेल चुराने का विरोध करने पर कार सवार बदमाश बस चालक को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। इस मामले में पुलिस से शिकायत की गई है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर निवासी बॉबी की सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में हाईवे पर बॉबी टूर ट्रैवल्स के नाम शाप खोल रखी है। 25 जनवरी की रात को वह आफिस को बंद करके घर चले गए थे।आफिस के बाहर खड़ी बस में उसका चालक सो रहा था। रात दो बजे कार में सवार चार बदमाश वहां पर रुक गए। उसके बाद उस बस में से तेल को चुराने की तैयारी करने लगे। आवाज होने पर बस में सो रहा चालक जाग गया। उसके विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उसको जान से मारने की धमकी दी। उसके शोर मचाने पर आसपास खड़ी बसों में सो रहे लोग भी आने लगे। इसके बाद बदमाश अपने आप को घिरता देखकर कार लेकर हाईवे पर फरार हो गए। बाद में बस में सो रहे चालक ने इस मामले की जानकारी अपने मालिक को दी। वह भी आ गए। बाद में वे लोग थाने पहुंच गए।