विकास भवन से सफाई कर्मी का अपहरण, 40 हजार देकर छूटा
सैदनगर (रामपुर)।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में विकास भवन से दिनदहाड़े एक सफाई कर्मी का अपहरण कर लिया गया। उसे अपहरणकर्ता केमरी क्षेत्र के जंगल में ले गए। अपहरणकर्ताओं ने सफाई कर्मी को छोड़ने के बदले में एक लाख रुपये की फिरौती मांगी,लेकिन बाद में 40 हजार रुपये लेकर अपहरणकर्तांओं ने उसे छोड़ा। अपहरणकर्ताओं से मुक्त होने के बाद भी पुलिस को मामले की जानकारी नहीं दी गई। घटना के बाद से परिवार के लोग दहशत में हैं।
अपहरण से जुड़ा यह मामला तीन थाना क्षेत्रों से जुड़ा हुआ है। अजीमनगर थाना क्षेत्र के करनपुर गांव निवासी मुकेश सैदनगर क्षेत्र के पनचक्की में सफाई कर्मी के पद पर तैनात है। मुकेश मंगलवार को दोपहर के वक्त काम के सिलसिले में विकास भवन आया था। विकास भवन में काम करते वक्त ही एक महिला उसके पास आई और फिर उसको बातों में लगा लिया। आरोप है कि इस दौरान उसके साथ छह लोग और भी आ गए और फिर उसे कार में डालकर ले गए। कार में शोर मचाने की कोशिश की तो तमंचा भी तान दिया। मुकेश के पिता सोमपाल के मुताबिक मंगलवार की दोपहर में ही मुकेश के फोन नंबर से उसके पास काल आई और फिर इन लोगों ने अपहरण की बात कही। अपहरणकर्ताओं ने उससे बेटे को छोड़ने की एवज में एक लाख रुपये की मांग रखी लेकिन उसके असमर्थता जताने पर अपहरणकर्ताओं ने 40 हजार लेकर आने की बात कही। सोमपाल का कहना है कि वह 40 हजार रुपये लेकर केमरी के जंगल में गया और अपहरणकर्ताओं को 40 हजार रुपये दे दिए और फिर इसके बाद बेटे को छ़ुड़वाया। उसका कहना है कि अपहरणकर्ताओं ने उससे सादे कागज पर यह लिखवा लिया कि वह कोई कार्रवाई नहीं करेगा। फिलहाल अपहृत सफाई कर्मी तो मिल गया है,लेकिन घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई है। घटना के बाद से परिवार के लोग दहशत में हैं। पुलिस का कहना है कि उसे घटना की जानकारी नहीं है। किसी ने इसकी शिकायत नहीं की है।