सड़क पर हुड़दंग करते कार सवार चार युवक गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
बाढड़ा। दगड़ौली टी-प्वाइंट पर शराब के नशे में हुड़दंग करते पुलिस ने कार सवार चार लोगों को गिरफ्तार किया है। बाढड़ा थाने में हेड कांस्टेबल उदयभान की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें से एक आरोपी के पास से पुलिस को कारतूस सहित लाइसेंस हथियार भी बरामद हुआ है।
एचसी उदयभान ने बताया कि वो कादमा बस स्टैंड के समीप गश्त कर रहे थे। इसी दौरान जब वह दगड़ौली टी-प्वाइंट के समीप पहुंचे तो वहां कुछ लोग सड़क पर हुड़दंग मचाते नजर आए। उदयभान ने बताया कि इनोवा गाड़ी सवार ये चारों आपस में गाली-गलौच कर रहे थे। अन्य पुलिस कर्मचारियों की मदद से इन्हें काबू किया गया। उदयभान ने बताया कि आरोपियों की पहचान नौताना निवासी प्रकाश, संजीत, अरविंद व मुमताजपुर निवासी नरेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने जब इनकी तलाशी ली तो संजीत की कमर से बंधी बेल्ट से पिस्तौल व 7 कारतूस बरामद हुए। पिस्तौल के बारे में पूछताछ की गई तो संजीत ने आर्म्स लाइसेंस पुलिस टीम के सामने पेश किया।