ट्रकों की भीषण टक्कर में तीन की मौत
रामपुुर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे बाईपास पर गुरुवार तड़के चार बजे दो ट्रकों की आमने-सामने से हुई भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने पहुंचकर जाम खुलवाया और ट्रकों के मलबेे को हटवाकर वाहनों को निकलवाया। मृतकों में चालक-हेल्पर बिजनौर के और एक अन्य शामली का रहने वाला बताया गया है।
गुरुवार को तड़के रामपुर बाईपास पर सरिया से लदा ट्रक लेकर जिला बिजनौर के थाना कोतवाली के गांव वसीखेड़ा निवासी कैलाश पुत्र सतपाल पड़ोसी गांव के रहने वाले हेल्पर सुनील के साथ कोटद्वार से मुरादाबाद की ओर जा रहे थे। जबकि इस दौरान जिला शामली के थाना आर्दश मंडी के गांव बनस निवासी तालिब अपने साथी वसीम के साथ हरियाणा से लकड़ी का सामान लेकर बरेली जा रहा था। अली नगर जनूवी के पास दोनों ट्रकों में आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि सरिए से भरे ट्रक के परखच्चे उड़ गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के गांव के लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना के बाद पुलिस भी पहुंच गई। किसी तरह से ट्रक में फंसे लोगों को बाहर निकाला। तीनों को उपचार के जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डाक्टरों ने सुनीव व कैलाश को मृत घोषित कर दिया। जबकि तालिब ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना मिलने के बाद दोपहर में तीनों के परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। जहां तीनों मृतकों के परिवार के लोगों का रो रोकर बुुुरा हाल है। वहीं पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कि लिए अस्पताल भेज दिया है। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया था। जिसे पुलिस ने खुलवाया।