सीएम योगी आदित्यनाथ के फैसले के बाद गुरुवार को रामपुर में चल रही शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से रोक दिया। यहां इसको लेकर काउंसलिंग कराई जा रही थी। आदेश मिलने के तुरंत एक्शन में आए विभाग ने काउंसलिंग रोककर प्रक्रिया को स्थगित करने की घोषणा कर दी। इससे यहां काउंसलिंग को आए आवेदकों को झटका लगा है।
16 हजार से ज्यादा शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया इन दिनों आचार संहिता हटने के बाद से शुरू की गई थी। रामपुर में बीटीसी के 432 और उर्दू शिक्षकों के 132 पदों के लिए 18 मार्च से भर्ती प्रक्रिया कराई जा रही थी। भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही यहां पर काउंसलिंग भी शुरू कर दी गई थी। काउंसलिंग की प्रक्रिया गुरुवार को भी बीएसए दफ्तर में शुरू की गई थी। प्रक्रिया शुरू होने के करीब तीन घंटे बाद यानि दोपहर करीब एक बजे निदेशालय ने भर्ती प्रक्रिया रोकने के आदेश बीएसए को जारी कर दिए।
बताया गया कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को सपा शासन में की जा रही सभी शिक्षकों की नियुक्ति पर रोक लगाने के आदेश जारी किए हैं। इस आदेश के बाद काउंसलिंग को स्थगित करने की घोषणा कर दी गई। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी त्रिलोकी नाथ के मुताबिक इस वक्त काउंसलिंग चल रही थी,लेकिन शासन का आदेश आते ही भर्ती प्रक्रिया को स्थगित कर दिया गया है। अब शासन के नए आदेश के बाद ही कोई फैसला होगा। इस आदेश के काउंसलिंग को आए आवेदकों को तगड़ा झटका लगा है। फिलहाल आवेदकों में मायूसी हुई है।