रामपुर। शनिवार से शुरू हो रहे कोरोना वैक्सीनेशन अभियान में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के सदस्य चिकित्सक सरकार और स्वास्थ्य विभाग के साथ सहयोग करेंगे। चिकित्सक न सिर्फ अपना वैक्सीनेशन कराएंगे बल्कि लोगों को भी वैक्सीनेशन के लिए जागरूक करेंगे और सहयोगी वॉलिटिंयर की भूमिका निभाएंगे।
शनिवार से जिले में कोरोना वैक्सीनेशन का मिशन शुरू होगा। इसमें पहले दिन जिला अस्पताल, बिलासपुर सीएचसी और चमरौआ स्वास्थ्य केंद्र में वैक्सीनेशन होगा। वैक्सीनेशन से पहले जिलाधिकारी आंजनेय कुमार सिंह ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के पदाधिकारियों संग सीएमओ कार्यालय में बैठक की। आईएमए के अध्यक्ष डॉ. हिमांशु ने बताया कि कोरोना वैक्सीनेशन में देश भर में आईएमए के करीब साढ़े तीन लाख सदस्य सरकार के साथ सहयोग करेंगे। कोरोना वैक्सीनेशन में आईएमए से जुड़े चिकित्सकों की क्या भूमिका रहेगी इसी को लेकर जिलाधिकारी महोदय व सीएमओ द्वारा जानकारी दी गई। कोरोना वैक्सीनेशन के लिए लोगों को जागरूक करने के लिए आईएमए चिकित्सक पहले स्वयं वैक्सीनेशन कराएंगे और इसके पूर्ण रुप से सुरिक्षत होने और कोरोना से बचाव के लिए सुरक्षा प्रदान करने में कारगर होने के बारे में उनके पास आने वाले मरीजों और परिजनों को भी जागरूक करेंगे। इसके साथ ही लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सोशल डिस्टेंस, मास्क लगाने आदि बातों के बारे में भी जागरूक करेंगे।