रामपुर। जिले में कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण की रफ्तार तेज करने के लिए फैसला लिया गया है कि 15 मार्च से ब्लाक स्तरीय सीएचसी और पीेएचसी पर जिला अस्पताल की भांति प्रत्येक कार्य दिवस पर टीकाकरण होगा। इसके अलावा जो छोटे पीएचसी हैं वहां पर प्रत्येक सोमवार, गुरुवार और शुक्रवार को टीकाकरण होगा। सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों के अलावा रामपुर के डालियमा आई हॉस्पिटल और बिलासपुर के नारायणा अस्पताल में 250 रुपये का भुगतान कर वैक्सीन लगवाने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संजीव यादव ने बताया कि पहले प्रत्येक कार्य दिवस पर केवल जिला अस्पताल और महिला जिला अस्पताल में कोरना से बचाव को वैक्सीन लगवाने की व्यवस्था की गई थी। अब यह सुविधा ब्लाक स्तरीय सभी सीएचसी और पीएसची पर उपलब्ध करा दी गई है। किसी भी कार्य दिवस के दौरान 60 साल से अधिक उम्र के व्यक्ति उम्र संबंधी कोई प्रमाण साथ लेकर इन केंद्रों पर आकर टीकाकरण करा सकते हैं। 45 से 59 साल के बीमार व्यक्ति अपने साथ चिकित्सक प्रमाण पत्र लेकर आएं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण के लिए रजिस्ट्रेशन भी कराया जा सकता और मौके पर भी पर वैक्सीन की डोज लगवाई जा सकती है। उन्होंने कहा है कि कुछ राज्यों में कोरोना के मामले फिर से बढ़ रहे हैं। ऐसे में आवश्यक है कि हम 60 साल से अधिक उम्र के व्यक्तियों के साथ-साथ 45 से 59 साल की बीच की आयु के बीमार लोगों का जल्द से जल्द टीकाकरण करा लें। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि उनके घर में जितने भी बुजुर्ग और 45 से अधिक उम्र के बीमार व्यक्ति हैं उनका टीकाकरण करवा लें। वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है।