रामपुर। यात्रियों को जल्द ही रामपुर रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट और एस्कलेटर से युक्त आधुनिक फुटओवरब्रिज की सुविधा मिलेगी। स्टेशन पर फुटओवरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इसकी ऊपरी स्लैब रखी जा चुकी है, जबकि इसे जोड़ने और सीढ़ियों सहित अन्य कार्य अभी बाकी हैं।
रामपुर रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत योजना के तहत करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य चल रहा है। इसके तहत जीआरपी थाना, कर्मचारियों के भवन, बुकिंग विंडो समेत स्टेशन के अन्य हिस्सों का निर्माण किया जा रहा है। प्रथम चरण में स्टेशन का मुख्य द्वार बनकर तैयार हो चुका है और बुकिंग विंडो भी शिफ्ट कर दी गई है।
करीब एक वर्ष पहले नवाबों के जमाने का फुटओवरब्रिज तोड़ दिया गया था। इसके बाद यात्रियों को एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म तक जाने के लिए पटरियों के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा था। बुजुर्ग, दिव्यांग, महिला और युवा सभी के लिए यह जोखिम भरा था। इसे देखते हुए रेलवे ने प्राथमिकता के आधार पर फुटओवरब्रिज का निर्माण शुरू कराया है। इसके पिलर और सतह तैयार हो चुकी है तथा सीढ़ियों समेत अन्य निर्माण कार्य जारी हैं। निर्माण पूरा होने के बाद यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर सुविधा मिलेगी।
0000
यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर फुटओवरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। मजदूर काम कर रहे हैं। उम्मीद है कि जल्द ही निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी। -मोहम्मद आजम, स्टेशन अधीक्षक, रामपुर