बाइक खड़ी करने को लेकर हुई कहासुनी में सिपाही ने डंडा मारकर व्यापारी का सिर फोड़ दिया। घटना के बाद व्यापारियों में रोष फैल गया। व्यापार मंडल के तमाम व्यापारी कोतवाली पहुंच गए और वहां पर हंगामा करते हुए नारेबाजी की। व्यापारियों ने कोतवाली प्रभारी को सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की तहरीर दी।
गंज थाना क्षेत्र के कूंचा लाल मियां निवासी व्यापारी फैजान की कोतवाली थाना क्षेत्र में क्राकरी की दुकान है। दोपहर के समय वह जच्चा-बच्चा केंद्र के पास मेडिकल स्टोर पर अपनी मां की दवा लेने आए थे। इसी बीच एक सिपाही ने वहां पर बाइक खड़ी करने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर व्यापारी से सिपाही की कहासुनी हो गई।
विज्ञापन
देखते ही देखते गाली-गलौज होने लगी। इस बीच सिपाही ने फैजान के सिर पर डंडा मार दिया। जिससे फैजान का सिर फट गया और वह बुरी तरह से खून से लथपथ हो गए। फैजान को घायल अवस्था में देखकर सिपाही वहां से भाग निकला। इस बीच घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया।
सूचना पर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष संदीप अग्रवाल सोनी, शुऐब खां, शाहिद शमसी, इमरान सलीम, बिलाल आदि व्यापारी पहुंच गए। इसके बाद सभी कोतवाली गए और वहां पर जमकर हंगामा और नारेबाजी की। बाद में आरोपी सिपाही के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी है। कोतवाली प्रभारी रंजनी कांत कटारा का कहना है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। मामले की जांच कराई जा रही है। वहीं पुलिस फैसला भी कराने के मूड में है।